Friday, 5 August 2016

हम बोलेगा तो बोलोगे कि बोलता है-6
-------------------------------------------
  भगवान को ''लेनदेन'' से क्या ''लेनादेना?''
---------------------------------------------------
    मित्रों मिच्छामी दुक्कड़म। शुरुआत में ही मिच्छामी दुक्कड़म इसलिए,क्योंकि मैं जानता हूँ कि मेरेे इस लेख को पढ़कर *कईयों की त्योंरियां चढ़ जाने वाली है,कईयों को गुस्सा आजाने वाला है,कईयों की मुट्ठियाँ तन जाने वाली हैं!*लेकिन वे सब मुझे क्षमा करें,और ठन्डे दिमाग से सोचने की कृपा करें।

     चातुर्मास चल रहा है।अपने -अपने सामर्थ्यानुसार लोग धर्मध्यान में व्यस्त है।हम भी इस बात की तहेदिल से अनुमोदना करते हैं।उधर दूसरी तरफ धनबल का भी जोर है।जाजम पर बैठ कर बोलियाँ बोली जा रही है।हमें बोलियों से परहेज नहीं,वे धर्म से सम्बंधित व्यवस्थाएं करने के लिए ज़रूरी भी है।किन्तु दुःख इस बात का है कि बोलियों को धर्म का पैमाना बनाया जा रहा है!बोली लेने वालों को भाग्यशाली,पुण्यशाली की उपमाएं दी जा रही है,और वहां जाजम पर दर्शक बना बैठा अन्य साधर्मिक अपने आप को दुर्भाग्यशाली, पापी समझ कर पछतावा कर रहा है! वो साधारण साधर्मिक भाई, जिसकी अंटी में इतना पैसा नहीं है,कि वो जाजम पर आगे बैठ कर होड़ाहोडी कर सके,अपने आप को दीन-हीन समझने को मज़बूर है! क्या धर्म की जाजम पर ऐसा दृश्य शोभा देता है? क्या ये धर्म की मूल भावना के अनुकूल भी है?

     पैसों की बरसात कर के ही अगर भगवान् की सेवा-पूजा करने वाला ही पुण्यशाली-भाग्यशाली है, तो फिर बाकी के कौन है? क्या भगवान् की नज़र मैं भी ऐसा ही भेदभाव है,कि जो मेरा चढ़ावा ले,वो भाग्यशाली मेरा ख़ास और बाकी के सब दुर्भाग्यशाली है? ये सोच किसने विकसित की?
     तीर्थंकरों के चरित्र और धर्म के मूल को समझे तो धर्म के तराज़ू पर धन नहीं कर्म तोला जाता है।पुण्यशाली और भाग्यशाली का निर्धारण कर्मों से ही संभव है।अगर धन से ही कोई पुण्यशाली और भाग्यशाली होता तो दुनिया के सारे तस्कर,डॉन,और दो नंबरी कारोबारी ही पुण्यशाली-भाग्यशाली और भगवान् के अत्यधिक करीब होते,क्योंकि चढ़ावे में उनसे आगे आखिर कौन जाता!
     सत्य तो ये है कि बेईमानी के दस रुपये भगवान को चढाने से तो अच्छा है कि ईमान और भावों से भरे मन से भगवान् की प्रार्थना करली जाए! भगवान् को चढ़ावे से खुश करने की मानसिकता और उसका महिमामंडन,दरसल भगवान् को एक सरकारी कर्मचारी के बराबर खड़ा करने के पाप के समान ही है,क्योंकि चढ़ावे से तो सरकारी दफ्तरों में ही काम होते हैं,भगवान् के सम्मुख नहीं। भगवान् के लिए तो भावों से भरा होना ही पर्याप्त है।
     मैं बचपन से देखता आ रहा हूँ,कि जाजम पर बैठ कर भगवान् का खासमखास,नजदीकी होने की होडाहोड में चंद संपन्न लोग ही बाज़ी मारते हैं और बाकी के साधर्मिक,जो अपेक्षाकृत चाहे जितने ज्यादा धर्म के ज्ञाता हो,तीर्थंकरों के प्रति भावों से भरे उपासक हो,अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण ठन-ठन गोपाल बने,मन मसोस कर बैठे रह जाते हैं! तिर्थंकरों के दरबार में,धर्म की ज़ाज़म पर हम मेसे ही किसी के द्वारा किया गया ये कैसा न्याय है? अवश्य ही ये सिस्टम ना तो तीर्थंकरों द्वारा बनाया गया होगा और ना ही ज्ञानी साधू भगवंतों द्वारा! ये इज़ाद धनबलियों द्वारा ही की गई होगी जिसे हमने भी स्वीकार कर लिया,बिना ये देखे कि धर्म की मूल भावना क्या है! हमारे धर्म में त्याग की भावना सर्वोच्च है,क्या धर्म की खातिर धन खर्च करते हुए,"नाम" का त्याग नहीं कर सकते? क्या ये संभव नहीं  है कि कोई सुसम्पन्न-समृद्ध कभी कभार ऐसा भी करे कि चढ़ावा तो वो बोले और लाभ किसी ऐसे साधर्मिक को दे जो सच्चा धार्मिक प्रवृत्ति का तो है,लेकिन उसमें बोली बोलने का सामर्थ्य नहीं है।इससे दोहरा लाभ मिलता है।आपने धर्म की खातिर खर्चा किया तो आपको ये लाभ् तो मिला,साथ ही आपने त्याग की भावना से किसी सदसाधर्मिक को इसका लाभ दिया,तो आपको बोनस के रूप में भी तो इसका लाभ मिलेगा ही ! बेशक ये आज संभव प्रतीत नहीं हो रहा, किन्तु धर्म की अच्छी समझ और प्रभु के प्रति सच्ची लगन,इस परम्परा का उदय कर सकती है।जो लक्ष्मीपुत्र वास्तव में सच्चे मन से धर्म के लिए कुछ खर्च करना चाहता है,तो उसके मन में फिर नाम की लालसा क्यों होनी चाहिए?ये मैं नहीं कहता,ये तो निति,धर्म और साधू भगवंत भी कहते हैं।और अगर भावना ये है कि धर्म के नाम पर खर्च तभी किया जाए जबकि करने वाले का नाम हो,तो फिर मुझे क्षमा करें,ये धर्म नहीं स्वार्थ है,जिसे धनबल पर धर्म का जामा पहनाया जा रहा है!सवाल खड़ा हो सकता है,बल्कि हमेशा ही खड़ा किया ही जाता है,और गज़ब की बात ये कि अच्छे-अच्छे विद्वानों-आगेवानों द्वारा खड़ा किया जाता है कि नाम नहीं होगा तो पैसे कौन खर्च करेगा! विरोधाभास देखिये, नाम धर्म का लेना है और काम स्वार्थ का करना है,और इसमें हम सभी की मौन सहमति भी है!
     निवेदन इतना ही है कि विश्व के इस सर्वश्रेष्ठ, हमारे जैन धर्म को इसकी मूल भावना के अनुसार  बचाईये और बढाइये, ताकि आने वाली पीढ़ियों का हर एक साधर्मिक बंधू इस पर गर्व कर सके,इसमें बढ़चढ़ कर भाग ले सके,धर्म को पूर्ण समझ और समर्पण के साथ करते हुए उसे आने वाली पीढ़ियों के लिए उसके मूल और सर्वश्रेष्ठ रूप में आगे ले जा सके।


अपन ने जो सोचा-समझा,आपको बता दिया।अब आपको ठीक लगे तो आप भी इस पर विचार करें।मैं और ज्यादा कुछ बोलूंगा तो फिर आप ही बोलोगे कि बोलता है !

-----------------------------------------------------------------------------------------------
लेखक- अशोक पुनमिया
लेखक-कवि-पत्रकार 
सम्पादक-'मारवाड़ मीडिया'

Thursday, 4 August 2016

हम बोलेगा तो बोलोगे कि बोलता है-5
-------------------------------------------

   साधर्मिक को ऊपर उठाओ,

एक और एक ग्यारह बन जाओ।
------------------------------------
     बुद्धि से खूब काम ले लिया।अब विवेक जागृत करने का समय आ गया है।अब विवेक से काम लेने की ज़रुरत है।संथारा पर रोक के राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ हमारी एकजुटता अभूतपूर्व रही है।ये एकता दिनोंदिन मज़बूत होनी चाहिए क्योंकि संगठन में ही शक्ति है।
     कहने को हमारा जैन समाज सर्वाधिक समृद्ध-सम्पन्न समाज है,जहां पर धन-धान्य,परोपकार की कोई कमी नहीं हैं।किन्तु ये आधा सच ही है।आज भी हमारे समाज में कईं साधर्मिक भाई-बहन अत्यंत गरीबी में,दुःख भरा जीवन काटने को अभिशप्त है! ये स्थिति तब है,जबकि हमारा समाज अन्य लोगों एवं प्राणी मात्र के लिए करोड़ों रुपये खर्च करता है,उनके अभाव दूर करता है!क्या हमारे समाज को पहले अपने समाज की,अपने साधर्मिकों की चिंता नहीं करनी चाहिए? क्या उनको सक्षम बनाने,उनको समृद्ध,खुशहाल और सम्पन्न बनाने के लिए अपनी ताकत नहीं झोंकनी चाहिए? हमारे ही साधर्मिक भाई-बहन भुखों मरे,बिना इलाज़ के मर जाएँ,दरिद्रता में जीवन यापन करे और हम शादी-ब्याह,मौत-मरगत,सामुहिक भोज-प्रदर्शन पर अनाप शनाप खर्च कर जैन धर्म के जयकारे लगाते रहें तो क्या ये न्याय संगत और प्रभु महावीर के बताए मार्ग के अनुरूप होगा? आज समय आ गया है कि हम अपनी अंतरात्मा से ये सवाल करें,और गहराई में उतर कर,ध्यान से इसका उत्तर सुनें,उस पर चिंतन-मनन करें।
     जैन समाज सही रूप में तभी संपन्न-समृद्ध होगा,जबकि हर समृद्ध-संपन्न जैनी अपने भाई-बहन और अपने साधर्मिक के दुःख-दर्द में सहभागी बनेगा,उसे उससे उबारेगा,उसे एक व्यवस्थित प्लान के तहत अपने पैरों पर खड़ा होने में लिए दिल से मदद करते हुए उसे भी समृद्ध,खुशहाल और संपन्न बना देगा।भगवान महावीर के अनुयायियों के लिए ये बिलकुल भी कठिन काम नहीं है,क्योंकि उसकी कृपा से इस समाज के पास साधनों का कोई भी अभाव नहीं है।
     तो आईये,हम बुद्धि के साथ-साथ विवेक को भी जागृत करें और ज़रूरतमंद साधर्मिकों का हाथ थाम कर उन्हें भी सर उठा कर जीने के काबिल बनाएं।आखिर हमारी शोभा भी सकल समाज से ही है,तो समाज में कोई भी दुखी-परेशान-दरिद्र क्यूँ रहे!
      
अपन ने जो सोचा-समझा,आपको बता दिया।अब आपको ठीक लगे तो आप भी इस पर विचार करें।मैं और ज्यादा कुछ बोलूंगा तो फिर आप ही बोलोगे कि बोलता है !

-----------------------------------------------------------------------------------------------
लेखक- अशोक पुनमिया
लेखक-कवि-पत्रकार 
सम्पादक-'मारवाड़ मीडिया'

Tuesday, 2 August 2016

हम बोलेगा तो बोलोगे कि बोलता है-4
-------------------------------------------
चातुर्मास में "धर्मध्यान" और "समाजध्यान" दोनों हो
--------------------------------------------------------------------------------------------



    चातुर्मास निकट आ रहा है।जगह जगह धूमधाम से वंदनीय महाराज साहेब के प्रवेश होंगे,प्रतिदिन गुरुओं के मुखारविंद से प्रवचन श्रवण करने का सुअवसर मिलेगा,अपनी अपनी सामर्थ्यानुसार सभी बंधू धर्मध्यान में रत हो कर दान-पुण्य कर चातुर्मास को सार्थक करेंगे। कमोबेश हर वर्ष ऐसा ही होता है और पुरा समाज इस दरम्यान एकजुट हो सामूहिक रूप से धर्माराधना करता है।इससे हमारे संस्कार,धर्म भावना मज़बूत होती है,नयी पीढ़ी को अपने समाज,धर्म को और भी बेहतर तरीके से जानने-समझने का मौक़ा मिलता है।

    बदलते वक़्त में हमें इस मौके पर एक और चौका लगाने की ज़रूरत है।वो है "धर्मध्यान" के साथ ही साथ "समाजध्यान" की भी अनिवार्य रूप से शुरुआत की जाए।हमारा धर्म जितना श्रेष्ठ है,कहते हुए तकलीफ होती है,लेकिन उतना ही हमारा समाज आज आडम्बर,दिखावे और गलत परम्पराओं का शिकार भी है! धर्म और समाज में जबरदस्ती घुसा दी गई आडम्बर-दिखावे की प्रवृति और कुछ मुर्ख हेकड़ीबाज़ लोगों की सनक ने आज विश्व के सर्वश्रेष्ठ धर्म के अनुयायिओं को अपने समाज के बारे में गहनता से चिंतन करने को विवश कर दिया है!
    बात चाहे धार्मिक अनुष्ठानों की हो या विवाह, मृत्यु,जन्मदिन, जैसे ना गिने जा सकने वाले अनंत सामाजिक आयोजनों की, दिखावे, आडम्बर और चन्द लोगों के सनकीपन ने इन सभी को इतना विकृत रूप दे दिया है कि इससे ना केवल हमारे महान धर्म की अवमानना हो रही है,अपितु समाज का ढांचा भी बिखर और बिगड़ रहा है।समाज का आर्थिक रूप से कमजोर हिस्सा इन विकृतियों का सबसे बड़ा शिकार हो कर और ज्यादा कमजोर, ऋणग्रस्त, अवसादग्रस्त हो रहा है और चुपचाप पीड़ा भोग रहा है! ये बात कोरी मज़ाक या लफ़्फ़ाज़ी भर नहीं है,बल्कि वो कटु-क्रूर सत्य है,जो समाज के किसी भी चिंतक-शुभचिंतक की नज़र में है, और वो सहज ही उसे देख पा रहा है।क्या हमारे समाज के लक्ष्मीपुत्रों-सुसम्पन्न बंधुओं और साधू-संतों का ये दायित्व नहीं बनता है कि वे चातुर्मास में "धर्मध्यान" के साथ-साथ "सामाजध्यान" के ऊपर भी चिंतन-मनन करे और समाज को धर्म के अनुरूप पुनः बनाने में भी अपनी भूमिका का निर्वहन करे?
    एक मज़बूत,आदर्श,उच्च विचारोंयुक्त,रूढ़िवाद विहीन,स्वधर्म आचरणयुक्त समाज ही अपनी धर्मध्वजा को मज़बूती से थामे रख सकता है,उसे विश्व में चहुँ और फहरा सकता है। कुरीतियों,आडम्बरों,दिखावों से ग्रस्त समाज अपने धर्म की रक्षा भी कैसे और कब तक कर पायेगा,क्योंकि वहां तो आचरण ही धर्म विरूद्ध है! समाज के आगेवानों को,साधू संतों को, संपन्न लक्ष्मी पुत्रों को इन बातो पर अब गम्भीरता से गौर करना चाहिए और इसी चातुर्मास से "धर्मध्यान" के साथ-साथ "समाजध्यान" को भी अनिवार्य रूप से लागू करना चाहिए।चातुर्मास पर समाज एक जगह इकट्ठा हो कर धर्माराधना करता ही है,प्रवचन सुनता ही है।उसी जगह पर इकट्ठे हुए समाज के लोगों को एक निश्चित समय पर समाज/धर्म में घुस आई तमाम बुराईयों/बीमारियों को तिलांजलि देने को प्रेरित करते हुए शपथ दिलानी चाहिए और विरोधियों को सवालों के तर्कसम्मत ज़वाब देकर संतुष्ट करना चाहिए।ये आज की ज़रूरत है,क्योंकि धर्म और भगवान् महावीर के मूल्यों को बचाये रखने के लिए इसके अलावा और कोई रास्ता नहीं है।
    लेखक का मन्तव्य अपने धर्म,संत समुदाय और साधर्मिकों का अपमान करना कदापि नहीं है,बल्कि अपने धर्म और समाज के प्रति अपनी उच्च भावनाओं को अपने बंधुओं के सम्मुख खुले दिल से रखना मात्र  है।बावज़ूद इसके,कहीं पर भी कुछ भी कटु या धर्मविरुद्ध कहने में आया हो,तो अंतर्मन से मिच्छामी दुक्कड़म।
    अपन ने जो सोचा-समझा,आपको बता दिया।अब आपको ठीक लगे तो आप भी इस पर विचार करें।मैं और ज्यादा कुछ बोलूंगा तो फिर आप ही बोलोगे कि बोलता है !

-----------------------------------------------------------------------------------------------
लेखक- अशोक पुनमिया
लेखक-कवि-पत्रकार 
सम्पादक-'मारवाड़ मीडिया'